युवक की मौत से सुलगा पटना, एनएच-30 पर आगजनी और पथराव से हालात तनावपूर्ण

  • Post By Admin on Aug 07 2026
युवक की मौत से सुलगा पटना, एनएच-30 पर आगजनी और पथराव से हालात तनावपूर्ण

पटना : बिहार की राजधानी पटना में एनएच-30 पर हुए सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी के समीप तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कई वाहनों में आग लगा दी।

मृतक की पहचान पहाड़ी मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय मनीष कुमार उर्फ उपेंद्र के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनीष शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने शव के साथ सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में एनएच-30 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति जल्द ही उग्र हो गई।

आक्रोशित भीड़ ने राजमार्ग से गुजर रहे कई वाहनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान एक यात्री स्लीपर बस, पुलिस के दो वाहन तथा अन्य राहगीरों के वाहन समेत कुल लगभग 10 वाहनों में आग लगा दी गई। घटना के दौरान मीडियाकर्मियों के साथ भी कथित रूप से मारपीट की सूचना है। हालात बिगड़ने पर पांच थानों की अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्ती बरती। उग्र प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की भी सूचना है। अग्निशमन कर्मियों को भी आग बुझाने के दौरान कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा और उन्हें सुरक्षा कारणों से पीछे हटना पड़ा।

घटना के दौरान क्षेत्र में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हिंसा और आगजनी के कारण बड़ी पहाड़ी और आसपास के इलाकों में देर शाम तक तनाव का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-30 पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए बड़ी पहाड़ी क्षेत्र में अंडरपास या सुरक्षित पैदल पार मार्ग बनाया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की भी मांग की। हालांकि प्रशासन की ओर से इन मांगों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आगजनी और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।