सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा, डीएम ने पंचायत स्तर पर जागरूकता के दिए निर्देश
- Post By Admin on Feb 20 2026
लखीसराय: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 20 फरवरी 2026 को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा, फीडबैक एवं जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की। इस दौरान योजना की प्रगति, लाभार्थियों के अनुभव और कार्यान्वयन से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारी ने योजना की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने सोलर पैनल स्थापना, अनुदान प्राप्ति, बैंक ऋण स्वीकृति, नेट मीटरिंग व्यवस्था और विद्युत उत्पादन से संबंधित अनुभवों की जानकारी ली। लाभार्थियों ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। साथ ही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजने की सुविधा से आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो रहा है। कुछ उपभोक्ताओं ने आवेदन और तकनीकी अनुमोदन प्रक्रिया को और सरल एवं त्वरित बनाने के सुझाव दिए।
बैठक में डीआरएस सोलर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सुधरंजन कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में अब तक की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने पंचायतवार स्थापित सोलर संयंत्रों की संख्या, कुल स्थापित क्षमता (किलोवाट), लाभान्वित परिवारों की संख्या और लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए शेष आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय के कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना स्वच्छ, सस्ती और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सौर ऊर्जा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा। उन्होंने कर्मियों से स्वयं योजना का लाभ उठाने और आमजन को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने योजना की साप्ताहिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाने तथा बैंकों एवं संबंधित विभागों को ऋण स्वीकृति और तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला अग्रणी बैंक पदाधिकारी संजीत कुमार, निदेशक डीआरडीए नीरज कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, योजना से लाभान्वित उपभोक्ता, विभागीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और कार्यान्वयन एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।