गो अप फाउंडेशन की कार्यशाला में तनाव प्रबंधन पर जोर, छात्रों को संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह

  • Post By Admin on Feb 21 2026
गो अप फाउंडेशन की कार्यशाला में तनाव प्रबंधन पर जोर, छात्रों को संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह

मुजफ्फरपुर : शहर में शनिवार को "गो अप फाउंडेशन" के तत्वावधान में दृष्टि कोचिंग संस्थान में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अन्य अभिभावक एवं प्रतिभागी भी शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता धीरज श्रीवास्तव ने सरल और सहज भाषा में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में मानसिक संतुलन बनाए रखना बेहद आवश्यक है। इसके लिए नियमित दिनचर्या, संतुलित जीवनशैली और सकारात्मक सोच अपनाना जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार लेने, जंक फूड से परहेज करने और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। साथ ही कहा कि किसी भी समस्या को मन में न रखें, बल्कि परिवार, शिक्षकों और भरोसेमंद मित्रों से साझा करें। अच्छे दोस्तों के साथ समय बिताने और समय का सही उपयोग करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।

वक्ता ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य मजबूत होगा तो शरीर भी स्वस्थ रहेगा और व्यक्ति अपने लक्ष्य की ओर सफलता पूर्वक बढ़ सकेगा।

दृष्टि संस्थान के संस्थापक राजीव सर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं छात्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में संचालिका पूनम शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सुधा सिंह, रूपा सिन्हा, सुधीर जी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।