लखीसराय में मनरेगा योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश

  • Post By Admin on Mar 07 2026
लखीसराय में मनरेगा योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश

लखीसराय: जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत पूर्व वर्षों के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में संचालित मनरेगा योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रखंडवार चल रहे कार्यों की स्थिति, आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी की प्रगति, कार्यस्थलों पर श्रमिकों की उपस्थिति तथा कार्य निष्पादन की गुणवत्ता का आकलन किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति, जियो-बिल्डिंग स्टेटस तथा प्रखंड स्तरीय भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र सह मनरेगा भवन के निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्व वर्षों के सभी अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही सभी लाभार्थियों एवं श्रमिकों का आधार सीडिंग और ई-केवाईसी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में “हर खेत तक सिंचाई का पानी” योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें कुल स्वीकृत कार्यों, प्रारंभ किए गए कार्यों तथा पूर्ण किए गए कार्यों की जानकारी ली गई। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण से संबंधित कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी लंबित कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक नीरज कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनंद, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।