रेड क्रॉस सोसाइटी ने मनाया विश्व स्वास्थ्य दिवस, लोगों को दिए स्वास्थ्य संबंधी सुझाव
- Post By Admin on Apr 07 2026
लखीसराय : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा लखीसराय के तत्वावधान में मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर दामोदरपुर गांव स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी भवन तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय साबिकपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार भारती ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। इस अवसर पर डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह ने रेड क्रॉस सोसाइटी के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था की स्थापना मानवता की सेवा और समस्त विश्व के लोगों के कल्याण के लिए की गई है। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी विश्व स्तर पर सबसे अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करती है और प्राथमिक उपचार तथा गृह परिचर्या का प्रशिक्षण देकर लोगों को जागरूक करती है। साथ ही जरूरतमंदों के लिए चिकित्सकीय शिविर, वस्त्र वितरण और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का कार्य भी करती है।
उन्होंने कहा कि बाढ़, भूकंप, आगलगी या अन्य दुर्घटनाओं जैसी आपदाओं के समय रेड क्रॉस सोसाइटी हमेशा सहायता के लिए तत्पर रहती है। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए उन्होंने लोगों को गर्मी के मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं, खाली पेट न रहें तथा डायरिया या उल्टी होने की स्थिति में ओआरएस का सेवन करें।
उपाध्यक्ष अरविंद कुमार भारती ने अपने संबोधन में कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देकर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करती है। उन्होंने बेहोशी, सांप या बिच्छू के काटने, जहर खाने और आग से जलने जैसी स्थितियों में तत्काल प्राथमिक उपचार के उपायों की जानकारी दी और बताया कि समय पर सही उपचार से किसी की जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में रेड क्रॉस सोसाइटी के सक्रिय सदस्य एवं शिक्षक संजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर सोसाइटी की चेयरपर्सन पुष्पा सिंह, इंजीनियर सुरेश प्रसाद सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वहीं डॉ. अरुण कुमार ने दांतों और हाथों की स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की सफलता में नीलू कुमार, अजीत कुमार सहित अन्य सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा।