दलहन खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, लखीसराय में वैज्ञानिकों ने बताए उन्नत तरीके
- Post By Admin on Aug 11 2026
लखीसराय : आत्मा, लखीसराय के तत्वावधान में मंगलवार को जिले के किसानों के लिए “दलहनी फसलों की उन्नत खेती एवं कीट प्रबंधन तथा मूल्यवर्धन” विषय पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा कुंदन कुमार ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), हलसी के वैज्ञानिकों ने भाग लेकर किसानों को दलहनी फसलों की वैज्ञानिक एवं उन्नत उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने उन्नत किस्मों के चयन, गुणवत्तापूर्ण बीज के उपयोग, बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, उचित सिंचाई तथा आधुनिक फसल प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया।कार्यक्रम के दौरान दलहनी फसलों में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण के लिए समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) तकनीकों पर विशेष चर्चा की गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को रासायनिक दवाओं के संतुलित उपयोग और जैविक उपायों को अपनाने की भी सलाह दी।
विशेषज्ञों ने किसानों को यह भी बताया कि उत्पादन के बाद दलहन उत्पादों का प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बेहतर विपणन अपनाकर उनकी उपज का मूल्य बढ़ाया जा सकता है। इससे किसानों को बाजार में बेहतर कीमत मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि की संभावना बढ़ेगी। केवीके हलसी के वैज्ञानिकों ने किसानों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से दलहनी खेती करने पर उत्पादन और उत्पादकता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।
जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा कुंदन कुमार ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि दलहनी फसलें मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।कार्यक्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण अंकित आनंद, उप परियोजना निदेशक आत्मा रिंटू नंदी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमिताभ कुमार, केवीके हलसी के वैज्ञानिक तथा जिले के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।