चमोली में बादल फटने से तमक पुल बहा, बीआरओ का एक कर्मी लापता
- Post By Admin on Aug 11 2026
चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले में भारी बारिश और बादल फटने की घटना के बाद नीती घाटी क्षेत्र में हालात गंभीर हो गए हैं। तमक नाले में अचानक आए तेज उफान और भारी मलबे के बहाव से नीती घाटी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण तमक पुल बह गया। घटना के बाद बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) का एक कर्मी लापता बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बीआरओ के अधिकारी मेजर वी.के. सोनी अपनी टीम के साथ कार्यस्थल से लौट रहे थे। अचानक नाले में पानी का बहाव तेजी से बढ़ने लगा। खतरा देखते ही टीम के सदस्य अपने वाहनों से उतरकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार अधिकांश कर्मी पहाड़ी की ओर चले गए, लेकिन मेजर सोनी के चालक हवलदार पंकज घबराहट में सड़क की ओर भाग गए। इसी दौरान वे तेज बहाव और मलबे की चपेट में आ गए और तब से लापता हैं। उनकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
तेज बहाव के कारण बीआरओ द्वारा निर्मित वैली ब्रिज तमक पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बह गया। यह पुल भारत-चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाले अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित था। पुल के बह जाने से सीमावर्ती क्षेत्रों की आवाजाही बाधित हो गई है और संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई है। भारी बारिश के कारण आसपास के गांवों में भी नुकसान की सूचना है। कई घरों और कृषि भूमि को क्षति पहुंचने की बात सामने आई है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का आकलन शुरू कर दिया है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि राहत एवं बचाव दलों को मौके पर भेज दिया गया है। नाले के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।