राज्य स्तरीय युवा महोत्सव आयोजन की तैयारी जोरों पर
- Post By Admin on Nov 29 2024

लखीसराय : बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। यह तीन दिवसीय आयोजन 30 नवंबर को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय पंचायती राज मंत्री और मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
इस महोत्सव में बिहार के सभी 38 जिलों से 2000 से अधिक कलाकार भाग लेंगे जो 17 विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतिभागियों के आवासन के लिए निजी विद्यालयों की इमारतों का उपयोग किया गया है जबकि उनकी सुरक्षा और देखभाल के लिए जिले के शारीरिक शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा महोत्सव के कार्यक्रम विभिन्न स्थलों जैसे म्यूजियम ऑडिटोरियम, गांधी मैदान, खेल भवन, टाउन हॉल और मंत्रणा कक्ष में आयोजित किए जाएंगे। इन सभी स्थानों पर भोजन और अन्य सुविधाओं की विस्तृत व्यवस्था की जा रही है।
गांधी मैदान में उद्घाटन और समापन समारोह होगा। इसे भव्य और आकर्षक बनाने के लिए आधुनिक जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें 3000 कुर्सियों और एक बड़े मंच की व्यवस्था होगी। यह पहली बार है जब लखीसराय में इस स्तर का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गांधी मैदान को नगर परिषद द्वारा सुव्यवस्थित किया जा रहा है जिसमें मशीनों से घास की कटाई और मैदान का समतलीकरण शामिल है। जगह-जगह विशाल तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं, जो राज्य भर से आने वाले कलाकारों और अतिथियों का स्वागत करेंगे। इसके अलावा मैदान में पर्यटन विकास सहित अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन और कला-संस्कृति विभाग के प्रयासों से इस महोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। डीएम मिथिलेश मिश्र के निर्देश पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन आयोजन की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।