अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जमुई वन विभाग ने कराया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
- Post By Admin on Jun 21 2026
जमुई : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जमुई नगर परिषद क्षेत्र स्थित चिल्ड्रेन पार्क (झाझा बस स्टैंड के निकट) में जमुई वन विभाग के तत्वावधान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार सिंह ने किया, जबकि वन रक्षी बंधुओं एवं भगिनियों ने सहयोग प्रदान किया।
पर्यावरणविद एवं प्रशिक्षित योग शिक्षक राम बिलास शाण्डिल्य ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2026 का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस "योगा फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga for Healthy Aging)" थीम पर आधारित है। उन्होंने बताया कि दुनिया के 199 देशों में लोग एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि पतंजलि को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान अष्टांग योग के आठ अंग—यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि—की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को ताड़ासन, अर्ध कटि चक्रासन, अर्ध चक्रासन, उत्तानासन, वज्रासन, पवन मुक्तासन, तितली आसन, भुजंगासन, धनुरासन और उर्ध्वमुख श्वान आसन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर प्रकाश डाला गया। प्राणायाम सत्र में अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्तिका और भ्रामरी का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।
सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार सिंह ने कहा कि जीवन में प्रसन्नता और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के लिए हास्य योग और एक्युप्रेशर के तहत करतल ध्वनि का भी अभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है और इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जमुई वन विभाग के रेन्जर रवि कुमार, विकास कुमार सिंह, राम बिलास शाण्डिल्य, सुनील कुमार बर्णवाल, संजीव कुमार बर्णवाल, डॉ. दीपक कुमार मोदी सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।