लखीसराय में स्वास्थ्य विभाग व आयुष समिति का भव्य योग समागम, निरोग जीवन का दिया संदेश

  • Post By Admin on Jun 21 2026
लखीसराय में स्वास्थ्य विभाग व आयुष समिति का भव्य योग समागम, निरोग जीवन का दिया संदेश

लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खेल भवन, लखीसराय में अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग, लखीसराय एवं जिला आयुष समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

योग प्रशिक्षक श्री ज्वाला एवं श्री विवेकानंद ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। इस दौरान उन्होंने नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की विस्तृत जानकारी देते हुए इसे स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभाष चन्द्र पाठक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, डॉ. मार्कण्डेय, विभिन्न आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, जिला योजना समन्वयक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, एफएलसी पूजा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

योग समागम के दौरान अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया और स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित इस योग समागम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।