योग, स्वच्छता और गंगा संरक्षण का संदेश, बीएनएम कॉलेज घाट पर योगाभ्यास के साथ हुआ वृक्षारोपण

  • Post By Admin on Jun 21 2026
योग, स्वच्छता और गंगा संरक्षण का संदेश, बीएनएम कॉलेज घाट पर योगाभ्यास के साथ हुआ वृक्षारोपण

लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) एवं बिहार राज्य गंगा नदी संरक्षण कार्यक्रम प्रबंधन समिति (बीजीसीएमएस) के निर्देशानुसार बड़हिया प्रखंड स्थित बीएनएम कॉलेज घाट पर योग, स्वच्छता, गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास, स्वच्छता एवं गंगा संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा सुरक्षित पर्यावरण के लिए वृक्षारोपण किया गया।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, निदेशक एनईपी सहित अन्य पदाधिकारियों ने गंगा तट पर योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन 24 घंटे में से केवल 24 मिनट योग को दे, तो वह अनेक बीमारियों से बच सकता है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का सशक्त माध्यम है तथा नियमित अभ्यास से जीवन संतुलित और ऊर्जावान बनता है। योग कार्यक्रम के साथ गंगा तट की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों ने बीएनएम कॉलेज घाट परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए पौधों की सुरक्षा के लिए बांस से निर्मित गेबियननुमा संरचना एवं घेराबंदी भी की गई।

निरीक्षण के दौरान गंगा तट पर पूजा सामग्री एवं अन्य अवशेष बिखरे मिलने पर जिला पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है, इसलिए इसकी स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पूजा सामग्री, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट नदी में प्रवाहित नहीं करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही उनका निस्तारण करने की अपील की। जिला पदाधिकारी ने घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का पृथक्करण करने तथा चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छ गंगा, स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन के लिए सामूहिक शपथ ली।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनंद, नगर परिषद बड़हिया के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष आनंद, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतीक कुमार, जिला सलाहकार-सह-प्रभारी जिला समन्वयक मो. अफसर हुसैन, प्रखंड समन्वयक मौसमी कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।