लखीसराय में पोषण अभियान को गति, बच्चों के समग्र विकास पर दिया गया बल
- Post By Admin on Apr 15 2026
लखीसराय : जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय के अनुसार 9 से 23 अप्रैल तक संचालित हो रहे “पोषण पखवाड़ा” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी बन्दना पाण्डेय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की।
बैठक में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड समन्वयक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हुए। इस दौरान मातृ एवं शिशु पोषण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने 0 से 3 वर्ष के बच्चों के लिए प्रारंभिक उत्तेजना गतिविधियों तथा 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों में बढ़ते स्क्रीन टाइम को कम कर उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि कुपोषण से मुक्ति के साथ बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार और प्रारंभिक देखभाल अत्यंत आवश्यक है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को इस दिशा में विशेष रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पंचायत स्तर पर पोषण चौपाल, पोषण मेला और जागरूकता रैली के आयोजन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए जागरूकता सत्र, बच्चों की नियमित वृद्धि निगरानी, पोषण आधारित रेसिपी प्रदर्शन और सामुदायिक सहभागिता से कार्यक्रमों के आयोजन पर विशेष बल दिया गया।
सभी गतिविधियों की सतत निगरानी के साथ पोषण पोर्टल पर समयबद्ध और सटीक प्रतिवेदन अपलोड करने तथा प्रतिदिन कम से कम पांच गतिविधियों की तस्वीरें अपलोड करने का निर्देश दिया गया। जिला समन्वयक कन्हैया कुमार एवं जिला परियोजना सहायक सौरभ कुमार को पोर्टल की निगरानी और तकनीकी समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए “पोषण पखवाड़ा” को सफल बनाने और कुपोषण उन्मूलन की दिशा में ठोस प्रयास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।