सम्राट चौधरी पर प्रशांत किशोर का हमला, जनादेश और शिक्षा पर उठाए सवाल
- Post By Admin on Apr 15 2026
पूर्णिया : जन सुराज की मीडिया ब्रीफिंग के दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शपथ ग्रहण को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने सम्राट चौधरी को “पिछले दरवाजे” से मुख्यमंत्री बनाया है।
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव जनता ने किसी और नेतृत्व के नाम पर लड़ा था, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री पद के लिए अलग चेहरा सामने लाया गया, जिससे जनता के जनादेश के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में देशभर के बड़े नेताओं की सीमित मौजूदगी भी इस बात का संकेत देती है कि यह निर्णय पूरी तरह से स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब उन्हें सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने अपनी 10वीं की पढ़ाई कब और कहां से पूरी की।
प्रशांत किशोर ने बिहार की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि चाणक्य, आर्यभट्ट और नालंदा-विक्रमशिला जैसी ज्ञान की भूमि वाले राज्य में मुख्यमंत्री के बारे में बुनियादी जानकारी स्पष्ट न होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी “चाल, चरित्र और चेहरा” की बात करती है, लेकिन वर्तमान नेतृत्व इन मानकों पर खरा नहीं उतरता।
जन सुराज की इस प्रतिक्रिया के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी घमासान बढ़ने की संभावना है।