जाँच करें, साफ करें और ढकें थीम के साथ जिले में मनाया जाएगा राष्ट्रीय डेंगू दिवस

  • Post By Admin on May 14 2026
जाँच करें, साफ करें और ढकें थीम के साथ जिले में मनाया जाएगा राष्ट्रीय डेंगू दिवस

लखीसराय: जिले में आगामी 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाएगा। इसको लेकर जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को डेंगू बुखार के प्रति जागरूक करना और इसके बचाव के उपायों की जानकारी देना है।

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अमित कुमार ने बताया कि डेंगू एक मच्छर जनित वायरल बीमारी है, जो एडीज इजिप्टी मच्छर के काटने से फैलती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से डेंगू नियंत्रण : जाँच करें, साफ करें और ढकें” रखी गई है। इस थीम में ही डेंगू से बचाव का संदेश छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि लोग समय रहते सावधानी बरतें और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तो डेंगू जैसी बीमारी से बचा जा सकता है। डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और जमा पानी में पनपता है तथा अधिकतर दिन के समय काटता है। ऐसे में घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए और नियमित रूप से सफाई पर ध्यान देना जरूरी है।

डॉ अमित कुमार ने बताया कि डेंगू दिवस के अवसर पर लोगों के बीच जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए जाएंगे, जिनमें डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और सतर्कता ही डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

 

ऐसे करें डेंगू से बचाव :

  • घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें
  • कहीं भी पानी जमा नहीं होने दें
  • सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें
  • बच्चों को फुल आस्तीन के कपड़े पहनाएं
  • कूलर, गमले और नल के आसपास जमा पानी की नियमित सफाई करें