मुजफ्फरपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने, लोगों को जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार अपनाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से दि मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की ओर से मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत जुड़ान पट्टी, काली स्थान, ठेकहाँ, पिलखी गजपति, ढोली बाजार और ढोली स्टेशन में कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग, वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव और सरकारी बीमा एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, बीमा एवं पेंशन योजनाओं, केवाईसी अनुपालन और डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान लोगों को बताया गया कि अब पैक्स कार्यालयों के माध्यम से माइक्रो एटीएम और अन्य बैंकिंग सुविधाएं गांवों के नजदीक उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके जरिए ग्रामीण नकद निकासी, खाते में उपलब्ध राशि की जानकारी और मिनी स्टेटमेंट जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इससे छोटी-छोटी बैंकिंग जरूरतों के लिए दूर स्थित शाखाओं तक जाने की परेशानी कम होगी। जागरूकता अभियान के दौरान श्री राजश्री इंटरप्राइजेज, फुलवारीशरीफ, पटना के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। टीम लीडर संजय कुमार यादव के नेतृत्व में सुनील कुमार, महावीर साह और कृष्णा भगत ने गीत एवं अभिनय के माध्यम से वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित बैंकिंग और आर्थिक जागरूकता का संदेश दिया। कलाकारों ने सरल और रोचक अंदाज में लोगों को अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखने के तरीके समझाए।

इस अवसर पर पिलखी गजपति की सरपंच रीमा भारती ने सामाजिक सुरक्षा और बीमा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत दुर्घटना बीमा और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत जीवन बीमा का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, प्रीमियम और बीमा लाभ की जानकारी देते हुए लोगों से अपनी आर्थिक सुरक्षा के लिए उपयुक्त बीमा योजनाओं से जुड़ने की अपील की।

द मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की सकरा शाखा के प्रबंधक अमन कुमार ने केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बैंक खाते में ग्राहक की पहचान और पते से संबंधित सही एवं अद्यतन जानकारी रखना सुरक्षित बैंकिंग के लिए आवश्यक है। ग्राहकों से बैंक के निर्देशानुसार अपना केवाईसी अपडेट कराने और आवश्यक दस्तावेज अधिकृत माध्यम से जमा करने की अपील की गई। ग्रामीणों को यह भी समझाया गया कि केवाईसी प्रक्रिया बैंकिंग धोखाधड़ी और वित्तीय अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते का विवरण, ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा न करें।

डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए लोगों को फर्जी एसएमएस, व्हाट्सऐप संदेशों और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि यूपीआई और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, पिन और पासवर्ड दूसरे व्यक्ति को बताना सुरक्षित नहीं है। कार्यक्रम में किसानों, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को छोटी-छोटी बचत के महत्व के बारे में भी बताया गया। आयोजकों ने कहा कि वित्तीय साक्षरता केवल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक आत्मनिर्भरता, सुरक्षित भविष्य और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है। विशेष रूप से महिलाओं को बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

अभियान के माध्यम से बैंक ने वित्तीय जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने और नागरिकों को सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को प्रेरित करते हुए कहा गया—‘हम सबका यह अभियान है, वित्तीय साक्षरता का पैगाम है।’ साथ ही बचत खाता खोलने, बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने और मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने की अपील की गई।