सेवा सेतु अभियान के जरिए जनता के द्वार पहुँचा प्रशासन, कृषि मंत्री ने लखीसराय में शिविरों का लिया जायजा

  • Post By Admin on Oct 06 2026
सेवा सेतु अभियान के जरिए जनता के द्वार पहुँचा प्रशासन, कृषि मंत्री ने लखीसराय में शिविरों का लिया जायजा

लखीसराय : ‘प्रशासन आपके द्वार’ की अवधारणा को धरातल पर उतारते हुए लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में सेवा सेतु अभियान का व्यापक स्तर पर शुभारंभ किया गया। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को बड़हिया, लखीसराय और रामगढ़ प्रखंडों में आयोजित ‘सेवा सेतु शिविर’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक विभागों द्वारा आम नागरिकों के लिए लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से किया जाए।

शिविरों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि शासन का मूल उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी ढंग से पहुँचाना है, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाओं और प्रमाणपत्रों के लिए सरकारी कार्यालयों की दौड़ न लगानी पड़े। बड़हिया प्रखंड स्थित बीआरसी भवन में शिविर की शुरुआत के उपरांत लखीसराय और रामगढ़ प्रखंडों में भी जनता से सीधे संवाद स्थापित किया गया। उन्होंने अधिकारियों पर बल दिया कि पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें स्थानीय स्तर पर ही योजनाओं से आच्छादित किया जाए।

दौरे के क्रम में कृषि मंत्री केआरके उच्च विद्यालय प्रांगण पहुँचे, जहाँ सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर के उपलक्ष्य में 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' थीम पर जिला संयोजक किरण सिन्हा के नेतृत्व में तैयार की जा रही विशाल रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने कलाकारों की रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला के जरिए राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव का प्रसार समाज को नई दिशा देता है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प' भाषण प्रतियोगिता में सम्मिलित होकर कक्षा 9वीं से 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रखर विचारों को नए बिहार के निर्माण की आधारशिला बताया।

कार्यक्रमों के उपरांत कृषि मंत्री बड़हिया प्रखंड के ग्राम जैतपुर पहुँचे, जहाँ उन्होंने देश सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सीआरपीएफ के वीर जवान शहीद अमंत कुमार उर्फ मिट्ठू कुमार के शोक संतप्त परिजनों से भेंट की। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव प्रशासनिक व सामाजिक सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला प्रभारी संजय कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू सहित दल के प्रमुख पदाधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।