‘विकसित भारत’ से ‘स्वच्छ देश’ तक, सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने दिया जागरूकता का संदेश

  • Post By Admin on Sep 26 2026
‘विकसित भारत’ से ‘स्वच्छ देश’ तक, सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने दिया जागरूकता का संदेश

लखीसराय : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। संत माइकल स्कूल, नया बाजार में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर दीपक कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी समझ को प्रोत्साहित किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी कल्पनाशक्ति और विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है।

मध्य विद्यालय इंग्लिश में भी ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि बच्चों की कल्पनाओं और चित्रों में भविष्य के भारत की तस्वीर दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक गौतम मंडल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना किसी एक संस्था या सरकार का काम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

इसी क्रम में उच्च विद्यालय जैतपुर के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता को लेकर जागरूकता मार्च निकाला। मार्च के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों से स्वच्छता अपनाने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने और आसपास के वातावरण को साफ रखने की अपील की। विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ गांव, स्वच्छ देश और स्वस्थ देश’ का संदेश देते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रमों में संत माइकल स्कूल के संचालक सुनील कुमार शर्मा, जिला संयोजक गौतम मंडल, बाजार मंडल अध्यक्ष धनंजय विभोर, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक गोपी कुमार, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी और अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।