लखीसराय समाहरणालय के बाहर माकपा का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन
- Post By Admin on Sep 26 2026
लखीसराय : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमिटी की ओर से शनिवार को जिला समाहरणालय के मुख्य द्वार के समीप मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। माकपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और उन्हें पद से हटाने की मांग की।
माकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में द इंडियन एक्सप्रेस की पत्रकार रितिका चोपड़ा की रिपोर्टों में निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पार्टी का दावा है कि इन रिपोर्टों में चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम से जुड़े मामलों का उल्लेख किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने इन रिपोर्टों का हवाला देते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। माकपा नेताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग से चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा उठाए गए सवालों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
गौरतलब है कि द इंडियन एक्सप्रेस की हालिया रिपोर्टों में निर्वाचन आयोग के भीतर मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण और आयोग के केंद्रीकृत तकनीकी तंत्र से जुड़े मुद्दों पर दो निर्वाचन आयुक्तों की आपत्तियों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों निर्वाचन आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में कई मौकों पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं। वहीं, निर्वाचन आयोग ने इन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पिछले एक वर्ष में आयोग के सभी निर्णय पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत निर्णय रहे हैं। आयोग ने यह भी कहा कि आंतरिक विचार-विमर्श में अलग-अलग सुझाव और टिप्पणियां संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
पुतला दहन कार्यक्रम में माकपा जिला सचिव शंकर राम, पूर्व जिला सचिव मोती साव, दीपक वर्मा, मनोज मेहता, सुधीर कुमार यादव, अजित कुमार, कपिल पासवान, आनंद कुमार, सुधीर पासवान, अनुज कुमार, जितेंद्र राम, रणजीत कुमार, कमल मंडल, गणेश साव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।