राजस्व महाभियान की प्रगति पर डीएम की नजर, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का निर्देश
- Post By Admin on Sep 26 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अंचलों में चल रहे राजस्व कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अंचल अधिकारियों के कार्यों की रैंकिंग के साथ-साथ जमाबंदी अद्यतीकरण, दाखिल-खारिज एवं उत्तराधिकार से जुड़े मामले, विशेष अभियान, अभियान बसेरा, ऑनलाइन दाखिल-खारिज, म्यूटेशन परिमार्जन प्लस, अतिक्रमण से संबंधित मामले, राजस्व अभियान और लगान वसूली की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा सरकारी कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता, फार्मर रजिस्ट्री, सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी वाद, सहयोग पोर्टल तथा खासमहल भूमि की जमाबंदी सहित अन्य राजस्व कार्यों की भी प्रगति की जानकारी ली गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को लंबित दाखिल-खारिज और म्यूटेशन के मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीओ, राजस्व पदाधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने और अपने-अपने स्तर पर नियमित निगरानी बनाए रखने को कहा।सूर्यगढ़ा अंचल में अपेक्षित प्रगति नहीं होने को लेकर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी को विशेष रूप से कार्यों में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित म्यूटेशन समेत अन्य राजस्व मामलों के निष्पादन की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि मामलों के निपटारे में तेजी लाई जा सके।
बैठक में सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी वाद तथा सहयोग पोर्टल से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने इन मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े सभी कार्यों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में राजस्व महाभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों को प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता और गंभीरता के साथ करने को कहा। कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं निगरानी के लिए अपर समाहर्ता को आईटी मैनेजर के माध्यम से मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होती है तो संबंधित अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी और कर्मचारियों से इसके कारणों के संबंध में जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और राजस्व कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में यह भी तय किया गया कि लंबित राजस्व मामलों के निष्पादन की प्रगति की दोबारा समीक्षा 28 सितंबर और 30 सितंबर को की जाएगी। इससे पहले सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित मामलों के निपटारे में आवश्यक तेजी लाने को कहा गया है। इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।