विकास योजनाओं की प्रगति पर डीएम की नजर, अधिकारियों को तय समय में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

  • Post By Admin on Sep 26 2026
विकास योजनाओं की प्रगति पर डीएम की नजर, अधिकारियों को तय समय में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

लखीसराय : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को विभिन्न समितियों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों से जुड़े कार्यों से लेकर सड़क निर्माण, आंतरिक संसाधन, कर संग्रहण, विद्युत आपूर्ति और शक्ति उप-केंद्रों के अधिष्ठापन समेत विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से योजनाओं एवं कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

नगर परिषद से संबंधित समितियों एवं अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मामलों के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा। आंतरिक संसाधन एवं होल्डिंग टैक्स की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने राजस्व संग्रहण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कर संग्रहण में तेजी लाने और शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत संचालित योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के साथ-साथ कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। ग्रामीण पथ निर्माण कार्य एवं पथ निर्माण विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन और लंबित सड़कों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को नियमित स्थल निरीक्षण करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

विद्युत आपूर्ति एवं शक्ति उप-केंद्रों के अधिष्ठापन से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने जिले में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रस्तावित विद्युत परियोजनाओं एवं शक्ति उप-केंद्रों से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित लक्ष्यों पर गंभीरता से कार्य करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त लखीसराय श्री सुमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, निदेशक डीआरडीए श्री नीरज कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बड़हिया श्री आशुतोष आनंद, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय श्री प्रभात रंजन, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सूर्यगढ़ा श्री राकेश कुमार सोहिल, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग श्री संजीव कुमार सिन्हा समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।