लखीसराय में तेज रफ्तार का कहर, हादसे में एक की मौत; 9 घायल
- Post By Admin on Sep 26 2026
लखीसराय : जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर शनिवार को तेज रफ्तार ऑटो और खड़े ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो पर सवार नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बालगुदर गांव के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान हलसी थाना क्षेत्र के मतासी गांव निवासी शैलेंद्र सिंह के 33 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मतासी गांव से कुल 10 लोग एक ऑटो पर सवार होकर बड़हिया स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। गंगा स्नान के बाद सभी लोग ऑटो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बालगुदर गांव के पास ऑटो अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर के समय ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। हादसे में ऑटो चालक छोटू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में मतासी गांव के एक ही परिवार से अनरवा देवी, रामवृक्ष मांझी और अजनसिया देवी के अलावा सुनैना देवी, प्रतिमा देवी, काठी देवी, नीलम देवी, दिनेश सिंह की पत्नी मीना देवी और नवल किशोर सिंह की पत्नी मीना देवी घायल हुई हैं। सभी घायलों को गंभीर चोटें आने के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद लखीसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार और सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने भी सदर अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल में डॉ. गोपाल कुमार, डॉ. शाहिद वसीम, डॉ. संजय कुमार समेत अन्य चिकित्सक एवं पारा मेडिकल कर्मी घायलों के इलाज में जुटे रहे।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के पीछे किसी तकनीकी खराबी की भूमिका तो नहीं थी। हादसे में जान गंवाने वाले छोटू कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मतासी गांव में मातम का माहौल है, जबकि घायलों के परिजन उनके बेहतर इलाज को लेकर चिंतित हैं।