श्रावणी मेला को लेकर लखीसराय प्रशासन अलर्ट, अशोकधाम में सुरक्षा समीक्षा बैठक आहूत

  • Post By Admin on Aug 13 2026
श्रावणी मेला को लेकर लखीसराय प्रशासन अलर्ट, अशोकधाम में सुरक्षा समीक्षा बैठक आहूत

लखीसराय : श्रावण मास 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लखीसराय प्रशासन ने विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। समाहरणालय स्थित जिला गोपनीय शाखा से जारी पत्र के अनुसार अशोकधाम मंदिर परिसर में शुक्रवार शाम 5 बजे महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।

विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा द्वारा जारी पत्र में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन शाखा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

पत्र में कहा गया है कि श्रावणी मेला के दौरान इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोकधाम) में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बैठक बुलाई गई है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बैठक में मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग व्यवस्था, मेडिकल टीमों की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, नगर परिषद की साफ-सफाई व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक की सूचना अशोकधाम स्थित इन्द्रदमनेश्वर महादेव ट्रस्ट के सचिव को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा है।