लखीसराय के नगर निकायों में सुरक्षा बढ़ाने की कवायद, सशस्त्र होमगार्ड तैनाती पर समीक्षा

  • Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय के नगर निकायों में सुरक्षा बढ़ाने की कवायद, सशस्त्र होमगार्ड तैनाती पर समीक्षा

लखीसराय : जिले के नगर निकायों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों में सशस्त्र गृह रक्षकों (होमगार्ड) की प्रतिनियुक्ति तथा अन्य सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार, पटना के विशेष सचिव द्वारा जारी पत्र के माध्यम से जिले के विभिन्न नगर निकायों में सुरक्षा की दृष्टि से सशस्त्र गृह रक्षकों की आवश्यकता जताई गई थी। इसी के आलोक में जिले के तीनों नगर निकायों की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था का आकलन और समीक्षा की गई।

बैठक में नगर निकायों में उपलब्ध मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सशस्त्र गृह रक्षकों की तैनाती तथा सुरक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं पर अधिकारियों ने अपने सुझाव रखे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार और जिला पदाधिकारी ने जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय से जिले में उपलब्ध होमगार्ड जवानों, बीएमपी, उत्पाद विभाग तथा अन्य कार्यालयों में पदस्थापित बलों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही नगर निकायों की सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप उपलब्ध बलों की समीक्षा की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रतिनियुक्ति की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी ने पुरुष एवं महिला होमगार्ड जवानों की उपलब्धता से संबंधित आवश्यक जानकारी बैठक में प्रस्तुत की।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने निर्देश दिया कि सभी नगर निकायों का समुचित आकलन कर आवश्यकतानुसार जल्द से जल्द गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले की सुरक्षा व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो। साथ ही नगर निकायों में नियुक्त किए जाने वाले सशस्त्र बलों के भुगतान और आवासन की व्यवस्था संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला समादेष्टा बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय तथा नगर परिषद लखीसराय के सभी कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।