कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर लखीसराय में तैयारी तेज, 15 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात
- Post By Admin on Oct 06 2026
लखीसराय : बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के वार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर लखीसराय जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिले में 15 माइक्रो ऑब्जर्वर की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मियों को माइक्रो ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी के लिए चिह्नित किया गया है। इसमें भारतीय जीवन बीमा निगम, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बिहार ग्रामीण बैंक और यूको बैंक से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। माइक्रो ऑब्जर्वर के रूप में मनीष कुमार, राहुल कुमार, राधा रमण सिंह, राम कुमार साहू, अंजनी कुमार, मृत्युंजय कुमार, विवेक कुमार, पप्पू कुमार, अनुपम आलोक, जितेंद्र पासवान, संजीव कुमार, मदन कुमार, अमित कुमार, निशांत गौरव और राकेश कुमार को चिह्नित किया गया है।
निर्वाचन ड्यूटी से जुड़े माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान प्रक्रिया, उनके दायित्व और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के लिए तीन चरणों में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। पहला प्रशिक्षण 6 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक, दूसरा प्रशिक्षण 13 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक और तीसरा प्रशिक्षण 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित किए जाएंगे। माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान केंद्रों पर चुनावी प्रक्रिया की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनकी जिम्मेदारी मतदान केंद्र पर निर्धारित नियमों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर नजर रखने से जुड़ी होगी। जिला प्रशासन ने सभी चिह्नित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित तिथियों पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया है।