ज्ञान भारतम् परियोजना के तहत लखीसराय में धरोहर संरक्षण को लेकर अहम बैठक

  • Post By Admin on Feb 27 2026
ज्ञान भारतम् परियोजना के तहत लखीसराय में धरोहर संरक्षण को लेकर अहम बैठक

लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शुक्रवार को “ज्ञान भारतम् परियोजना” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की।

बैठक में लखीसराय प्रखंड एवं चानन प्रखंड के माननीय मुखिया, जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण, अभिलेखीकरण और प्रलेखन के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करना था।

जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में अनेक ऐतिहासिक धरोहरें, प्राचीन अभिलेख, पांडुलिपियां, ताम्रपत्र, हस्तलिखित दस्तावेज, कागजी अभिलेख, मठ-मंदिर, ठाकुरबारी, मस्जिद, शिवालय, तालाब, धर्मशाला तथा अन्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थल मौजूद हैं, जो जिले की गौरवशाली विरासत के प्रतीक हैं। इन सभी स्थलों और दस्तावेजों की पंचायतवार सूची तैयार कर उनकी फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से व्यवस्थित दस्तावेजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद संकलित सामग्री को पुस्तक के रूप में प्रकाशित कर भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित किया जाएगा।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों से संबंधित धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी साझा की। कई स्थानों पर उपलब्ध प्राचीन मूर्तियों एवं धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों की प्रमाणिक जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि परियोजना के तहत समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल जिले की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करेगी, बल्कि पर्यटन की संभावनाओं को भी नया आयाम देगी।