अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर आईजी विकास वैभव ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- Post By Admin on May 15 2026
गया: पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र द्वारा गया में पुलिस पदाधिकारियों की समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक गया, नगर पुलिस अधीक्षक गया, अपर पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों से बारी-बारी से परिचय प्राप्त किया तथा उनके कार्यों और क्षेत्रीय चुनौतियों की जानकारी ली। इस दौरान बेहतर पुलिसिंग, विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण तथा आम लोगों के साथ पुलिस की सहभागिता को मजबूत बनाने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को अधिक कार्यशील, अनुशासित एवं जनोन्मुख बनाना बताया गया। अधिकारियों से कहा गया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता और पारदर्शिता के साथ करें ताकि आम लोगों का विश्वास पुलिस व्यवस्था पर और मजबूत हो सके।