ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्यवाही, झपटमार दबोचा गया

  • Post By Admin on May 15 2026
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्यवाही, झपटमार दबोचा गया

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल स्टेशन पर “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक झपटमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से यात्री का छीना गया बैग और अन्य सामान बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी किऊल प्रशांत कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक ललन कुमार सिंह, रमेश कुमार एवं अन्य स्टॉफ द्वारा स्टेशन परिसर में यात्री सामान चोरी एवं झपटमारी की रोकथाम को लेकर निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या-1 के पश्चिमी छोर दक्षिण साइड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को भागते हुए देखा गया। मौके पर मौजूद लोगों के हो-हल्ला करने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुबह करीब 11:40 बजे उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही यात्रा संबंधी कोई टिकट दिखा पाया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक काले रंग का झोला बरामद हुआ, जिसमें तीन मोबाइल फोन, कपड़े, चाभी सहित अन्य सामान मिला। पूछने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रात में एक यात्री से बैग छीनकर भागने की घटना को अंजाम दिया था।

आरपीएफ टीम ने मौके पर ही फर्द तलाशी सह जब्ती सूची तैयार कर सामान को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनातन कुमार, पिता रामकृष्ण महतो, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम आउंटा, थाना हथिदह, जिला पटना के रूप में हुई है। घटना के संबंध में लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी किऊल में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मामले की प्रगति रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।