गयाजी में ‘पेन फ्री इंडिया’ का स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक लोगों को मिला उपचार
- Post By Admin on Oct 24 2026
गयाजी: जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रख्यात काइरोप्रैक्टर डॉ. रजनीश कांत की मुहिम ‘पेन फ्री इंडिया’ के तहत गया स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बीआईपीएआरडी), मगध प्रमंडल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।
इस आयोजन में मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. ए. एन. सफीना (आईएएस) तथा बीआईपीएआरडी के सहायक निदेशक अजय कुमार सिंह का उल्लेखनीय सहयोग रहा। शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और दर्द से जुड़ी समस्याओं के उचित आकलन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में रीढ़ की हड्डी, गर्दन, कमर और जोड़ों से संबंधित समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रतिभागियों को सही शारीरिक मुद्रा अपनाने, नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने और लंबे समय तक गलत तरीके से बैठने या खड़े रहने से बचने के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही, किसी भी शारीरिक परेशानी को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेने की आवश्यकता बताई गई।
डॉ. रजनीश कांत की ‘पेन फ्री इंडिया’ मुहिम का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता को व्यापक स्तर पर पहुंचाना और लोगों को शारीरिक समस्याओं के प्रति सजग बनाना है। इस पहल के माध्यम से लोगों को उचित स्वास्थ्य मूल्यांकन, विशेषज्ञ परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि शिविर में शामिल प्रतिभागियों में ऐसे लोग भी थे, जो भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं के माध्यम से विभिन्न जिलों में सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे। ऐसे प्रतिभागियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना कार्यक्रम का एक अहम उद्देश्य रहा।
इस अवसर पर डॉ. रजनीश कांत ने स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर बेहतर जीवन, कार्यक्षमता और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का आधार है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए तथा किसी भी शारीरिक समस्या की स्थिति में योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए। आयोजन में सहयोग के लिए डॉ. ए. एन. सफीना और अजय कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ‘पेन फ्री इंडिया’ के तहत आयोजित यह शिविर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक पहल के रूप में सामने आया।