डीएम ने सुनी 100 से अधिक लोगों की फरियाद, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

  • Post By Admin on Jul 13 2026
डीएम ने सुनी 100 से अधिक लोगों की फरियाद, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

गया: जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 100 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुआवजा, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनता दरबार के दौरान जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।