गया में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर उत्साह, विद्यालयों में रंगोली, वंदे मातरम् और तिरंगा रैली
- Post By Admin on Aug 11 2026
गया: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में हर घर तिरंगा अभियान-2026 पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ चलाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के नेतृत्व में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगोली प्रतियोगिता, सामूहिक वंदे मातरम् गायन और तिरंगा रैली जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों में देशभक्ति का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर भी व्यापक जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी दर्ज कराने की अपील की गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस को केवल एक पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और एकता के उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया जा रहा है।