Auto Expo में दिखी Tata Punch Flex-Fuel अब होगी लॉन्च, ईंधन महंगाई से बढ़ी EV बुकिंग

  • Post By Admin on May 15 2026
Auto Expo में दिखी Tata Punch Flex-Fuel अब होगी लॉन्च, ईंधन महंगाई से बढ़ी EV बुकिंग

ऑटो डेस्क: टाटा मोटर्स ने ऑटो एक्सपो 2025 में पंच के फ्लेक्स-फ्यूल संस्करण को प्रदर्शित किया था। कंपनी इस वर्ष के अंत तक या 2027 की शुरुआत में भारत में अपना पहला फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल लॉन्च करने की योजना बना रही है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा ने कहा, “इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में हम अपने फ्लेक्स-फ्यूल उत्पाद के साथ तैयार हो जाएंगे। कम-से-कम एक उत्पाद जरूर लॉन्च किया जाएगा।” चंद्रा ने कहा कि कंपनी तकनीकी रूप से फ्लेक्स-फ्यूल उत्पादों को बाजार में उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है। गौरतलब है कि टाटा मोटर्स ने ऑटो एक्सपो 2025 में पंच के फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन को प्रदर्शित किया था। इसमें 1.2 लीटर का इंजन दिया गया था, जो 85 प्रतिशत से अधिक इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर चलने में सक्षम है। टाटा मोटर्स चालू वित्त वर्ष में मजबूत वृद्धि का लक्ष्य लेकर चल रही है और बाजार की मांग को पूरा करने के लिए अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना बना रही है। मांग की बात करें तो मार्च महीने के बाद से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को लेकर ग्राहकों की पूछताछ में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसकी बड़ी वजह पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके कारण ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को माना जा रहा है।

शैलेश चंद्रा ने आगे कहा, “मार्च से हमने EV से जुड़ी पूछताछ और बुकिंग में तेज उछाल देखा है। पश्चिम एशिया की स्थिति और उससे जुड़े अन्य कारणों के चलते इसमें करीब 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।”