'सक्षम विधायक, सशक्त विधानसभा' से बनेगा समृद्ध बिहार, प्रबोधन कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

  • Post By Admin on Jul 11 2026
'सक्षम विधायक, सशक्त विधानसभा' से बनेगा समृद्ध बिहार, प्रबोधन कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

गया के बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) परिसर में शनिवार को बिहार विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का आयोजन बिपार्ड, लोकसभा सचिवालय की संस्था प्राइड (PRIDE) और बिहार विधानसभा सचिवालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि "सक्षम विधायक और सशक्त विधानसभा ही समृद्ध बिहार की आधारशिला हैं।" उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जनप्रतिनिधियों की क्षमता, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों को जनता ने अपनी आवाज बनाकर सदन में भेजा है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं, जनता की अपेक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को पूरी तैयारी, तथ्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विधानसभा में रखें। उन्होंने सभी सदस्यों से संसदीय नियमों और परंपराओं का गहन अध्ययन करने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सत्ता और विपक्ष दोनों की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ संवाद, सार्थक बहस और जनहित को सर्वोपरि रखने की भावना ही विधानसभा की गरिमा बढ़ाती है। मुख्यमंत्री ने सदस्यों से विधानसभा की कार्यवाही में नियमित और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर इन लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है। आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नई तकनीकों से विधानसभा की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पीपीपी मॉडल के माध्यम से बस स्टैंड, टाउनशिप और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को गति दे रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई से बिहार के विभिन्न प्रखंडों में 213 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने इसे उच्च शिक्षा के विस्तार और युवाओं को अपने क्षेत्र में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम को उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया।

उद्घाटन सत्र के बाद उपराष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रीगण और विधायकों ने सामूहिक तस्वीर खिंचवाई। कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। वहीं, गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।