आरडीएम कॉलेज में शिक्षक-छात्र संवाद आयोजित, स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज
- Post By Admin on Aug 12 2026
मुजफ्फरपुर : आरडीएम, गायघाट में नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों के योगदान के उपरांत आज पहली बार विद्यार्थियों की उपस्थिति में 'शिक्षक–छात्र संवाद' का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य परिसर में शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाना तथा एक सकारात्मक अध्ययन माहौल का निर्माण करना रहा।
संवाद सत्र के दौरान नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों ने अपने आवंटित विषयों के अनुसार विद्यार्थियों से व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से चर्चा की। शिक्षकों ने छात्रों की शैक्षणिक रुचियों व आवश्यकताओं को समझा और उन्हें पठन-पाठन की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस पहल से विद्यार्थियों को अपने नए प्राध्यापकों से रूबरू होने तथा अपनी शैक्षणिक अपेक्षाएं साझा करने का सुअवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पायोली ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पूरे उत्साह, समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, बर्सर डॉ. अर्नेंदु ने सभी छात्र-छात्राओं के लिए एक सुलभ और समावेशी शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके साथ ही, महाविद्यालय में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम के सफल व सुचारू संचालन के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों को शामिल करते हुए एक 'सांस्कृतिक समिति' तथा 'मीडिया सेल' का गठन किया गया है। इन गतिविधियों के साथ आरडीएम, गायघाट ने अपनी शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यचर्या संबंधी यात्रा का एक नया चरण प्रारंभ किया है।