बागवानी फसलों से बढ़ेगी किसानों की आय, लखीसराय में दिया गया विशेष प्रशिक्षण
- Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय : जिला कृषि कार्यालय (आत्मा), लखीसराय के तत्वावधान में गुरुवार को जिले के प्रगतिशील किसानों के लिए “बागवानी फसलों की खेती, कीट प्रबंधन एवं मूल्यवर्धन” विषय पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा, लखीसराय श्री कुंदन कुमार ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को बागवानी फसलों की वैज्ञानिक एवं उन्नत खेती की तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों एवं रोगों की पहचान तथा उनके समेकित प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के संतुलित एवं अनुशंसित उपयोग के साथ-साथ जैविक और यांत्रिक कीट प्रबंधन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बागवानी उत्पादों के मूल्यवर्धन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को बाजार की मांग और उत्पाद की गुणवत्ता के अनुरूप मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने की जानकारी प्रदान की गई।
अध्यक्षीय संबोधन में जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा, श्री कुंदन कुमार ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान बागवानी फसलों की उत्पादकता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती, समेकित कीट प्रबंधन और मूल्यवर्धन तकनीकों को अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया। साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। प्रशिक्षण में शामिल किसानों ने कार्यक्रम को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए प्राप्त तकनीकी जानकारियों को अपने खेतों में लागू करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण आनंद कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी श्रवण कुमार, सहायक निदेशक (शस्य), बीज उत्पादन सह विपणन पदाधिकारी सौरव कुमार, उप परियोजना निदेशक आत्मा रिंटू नंदी, कृषि विज्ञान केंद्र हलसी के वैज्ञानिक डॉ. निशांत प्रकाश सहित जिले के अनेक प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।