हर घर तिरंगा अभियान को मिला जनसमर्थन, पंचायतों में निकली तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी
- Post By Admin on Aug 11 2026
लखीसराय : भारत सरकार के "हर घर तिरंगा-2026" अभियान के तहत लखीसराय जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन के निर्देश पर विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित तिरंगा यात्राओं में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, मुखिया, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्राथमिक विद्यालय परिसरों से निकली तिरंगा यात्राएं पंचायत के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरीं, जहां प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। यात्रा के दौरान लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसके सम्मान और "हर घर तिरंगा" अभियान की भावना के बारे में जानकारी दी गई। विशेष रूप से विद्यालयी बच्चों में अभियान को लेकर उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।
विभिन्न प्रखंडों में जनप्रतिनिधियों, मुखियाओं, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, शिक्षकों और ग्रामीणों की सहभागिता से प्रभात फेरियां भी निकाली गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने और घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया।इसके अलावा जिले के अन्य पंचायतों में तिरंगा वितरण, जागरूकता अभियान, तिरंगा रैली, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के जरिए राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे "हर घर तिरंगा-2026" अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय गौरव के इस अभियान को सफल बनाएं। अभियान के माध्यम से जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।