लखीसराय: बिहार गृहरक्षक वाहिनी के स्थानीय जिला मुख्यालय स्थित संघ कार्यालय में सोमवार को दिवंगत गृहरक्षक जवान स्व. विजय यादव को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मान दिया गया। मौके पर गृहरक्षकों ने दो मिनट मौन धारण कर दिवंगत के आत्मा की शांति हेतु प्रभु से प्रार्थना भी की।

संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र साह ने बताया कि खुद्दीवन पीरीबाजार निवासी विजय यादव 40 साल के थे। उत्पाद विभाग में पिछले नौ माह से सेवा दे रहे थे। ड्यूटी पर ही अचानक तबियत बिगड़ी और इलाज के लिए भर्ती कराए गए। जिसके बाद चिकित्सक द्वारा बेहतर उपचार हेतु उन्हें बेगूसराय रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

उनके दाह संस्कार हेतु संघ की ओर से 15 हजार की राशि अर्थिक सहायता के तौर पर दी गई है। इसके अलावा परिवार को मुआवजा के तौर पर चार लाख उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही उनकी विधवा को दो हजार मासिक पेंशन दिया जाएगा। जबकि एक लड़के को गृह रक्षक जवान की नौकरी दी जाएगी। इधर मृतक के साथ ड्यूटी करने वाले जवानों ने कहा कि वे काफी अनुशासित थे। उनकी कमी हमेशा खलेगी। ड्यूटी के दौरान साथियों से भी वे मिलनसार थे।