लखीसराय में 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य शोभा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
- Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय : हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को लखीसराय शहर में भव्य तिरंगा शोभा यात्रा निकाली गई। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में 200 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक, स्कूली बच्चे, युवा और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे शहर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
शोभा यात्रा की शुरुआत थाना चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद विशाल तिरंगा लेकर यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान शहीद द्वार पर रुककर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बलिदान को नमन किया गया। थाना चौक से शुरू होकर यह यात्रा बाजार समिति प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीतों की गूंज के बीच “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। हाथों में तिरंगा लिए स्कूली बच्चों और युवाओं का उत्साह आकर्षण का केंद्र बना रहा। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के असंख्य बलिदानों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राओं का उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से परिचित कराना है। उन्होंने 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ सैकड़ों लोगों की सहभागिता को राष्ट्रीय एकता की मिसाल बताया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिंह, गौतम मंडल, संजय सिंह, मोर्चा अध्यक्ष सोनू चन्द्रवंशी, विकास आनंद, आशा पासवान, जिला मंत्री अभिषेक सिंह, सभी मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बाजार समिति में यात्रा के समापन पर जिला महामंत्री सनोज साहू ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। भाजपा के मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि लखीसराय की यह तिरंगा यात्रा सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश देने में सफल रही।