वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट में धुएं का अलार्म, लखनऊ में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

  • Post By Admin on Sep 03 2026
वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट में धुएं का अलार्म, लखनऊ में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ : वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी अलर्ट से हड़कंप मच गया। फ्लाइट संख्या IX 1253 के पिछले हिस्से में स्थित कार्गो कंपार्टमेंट से धुएं का अलार्म बजने लगा। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलटों ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ने का निर्णय लिया।

पायलटों के संपर्क के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर एहतियाती लैंडिंग के लिए तैयारियां शुरू कर दी गईं। विमान को सुरक्षित तरीके से रनवे पर उतारा गया। लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट की इमरजेंसी फायर टीम ने विमान की गहन जांच की। हालांकि, जांच के दौरान कार्गो कंपार्टमेंट या विमान के अन्य हिस्से में धुएं का कोई प्रत्यक्ष प्रमाण या अवशेष नहीं मिला। इसके बाद तकनीकी अलर्ट को निष्प्रभावी माना गया।

विमान में सवार सभी 155 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन अधिकारियों ने राहत की सांस ली। यात्रियों को उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। इधर, तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विमान के चेतावनी सेंसर और कार्गो कंपार्टमेंट की विस्तृत जांच में जुटी है, ताकि अलार्म सक्रिय होने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।