यूपी में मानसून हुआ आक्रामक, पूर्वी और पश्चिमी जिलों में भारी बारिश के आसार
- Post By Admin on Aug 08 2026
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने राज्य के लिए अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है, जबकि दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर मध्य क्षोभमंडल तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से एक निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही मानसूनी द्रोणी अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है और यह श्रीगंगानगर, दिल्ली, निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, रांची और दीघा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिणी गांगेय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में अगले 24 घंटों के भीतर एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। यह प्रणाली मानसूनी द्रोणी के साथ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकती है, जिससे उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और मजबूत होंगी।
विभाग के अनुसार 7 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई थी। 8 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 9 और 10 अगस्त को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। 11 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में फिर से भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से दक्षिणी उत्तर प्रदेश में जलभराव, तेज बारिश और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार सक्रिय मानसूनी प्रणालियों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं और रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।