पुलवामा बरसी और महाशिवरात्रि पर पर्यावरण भारती का पौधारोपण, शहीदों को श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Feb 14 2026
पुलवामा बरसी और महाशिवरात्रि पर पर्यावरण भारती का पौधारोपण, शहीदों को श्रद्धांजलि

लखीसराय: पुलवामा हमले की सातवीं बरसी और महाशिवरात्रि के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरणविद नवीन निराला ने किया। इस अवसर पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले में देश ने 40 जवानों को खोया था। उन्होंने इसे राष्ट्रीय शोक का दिन बताते हुए कहा कि शहीदों की स्मृति में समाज को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महाशिवरात्रि पर्व की धार्मिक महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी को मनाया जाने वाला यह पर्व श्रद्धा, व्रत और उपवास का प्रतीक है। शिव भक्त रात्रि जागरण, पूजन और शिव बारात जैसे आयोजनों के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की आराधना करते हैं।

धार्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा गया कि महाशिवरात्रि में फलाहार का विशेष महत्व है, जिसमें मखाना, साबूदाना, दही, लस्सी और सिंघाड़े के आटे का उपयोग किया जाता है। साधारण नमक के स्थान पर सेंधा नमक ग्रहण किया जाता है। शिवलिंग पर तांबे के पात्र से जल अर्पित करने और ऊँ नमः शिवाय मंत्र के जाप की परंपरा को भी रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल और शमी के पत्तों को भगवान शिव को प्रिय बताते हुए महाशिवरात्रि के अवसर पर बेल का पौधा लगाने की अपील की। इसे पर्यावरण और आस्था के संगम का प्रतीक बताया गया।

पौधारोपण कार्यक्रम में कुमारी समृद्धि, गौरव कुमार, गुंजन कुमार, नवीन निराला, राम बिलास शाण्डिल्य, शिवम पटेल, धर्मेन्द्र पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति का संदेश दिया गया।