अग्निशमन सेवा सप्ताह का आगाज़, सुरक्षा को लेकर लोगों को किया जागरूक
- Post By Admin on Apr 14 2026
लखीसराय : बिहार अग्निशमन सेवा, लखीसराय द्वारा 14 से 20 अप्रैल 2026 तक आयोजित अग्निशमन सेवा सप्ताह का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। उद्घाटन दिवस पर अग्नि सुरक्षा एवं तैयारियों को लेकर विभिन्न पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी विनिता लता, देवेंद्र कुमार तथा विभागीय कर्मियों के संयुक्त प्रयास से कार्यक्रम का संचालन किया गया। इस वर्ष का थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—आग की रोकथाम के लिए एक साथ” रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन सेवा के दौरान शहीद हुए वीरों की स्मृति में “स्मरणोत्सव दिवस” मनाया गया तथा उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों के बीच पीले रंग के प्रतीक चिन्ह (पिन फ्लैग) का वितरण भी किया गया।
इसके बाद विभिन्न स्थानों—जैसे समता इमरजेंसी अस्पताल, विद्यापीठ चौक, श्री राधे अस्पताल एंड फर्टिलिटी सेंटर, डीएवी पब्लिक स्कूल समेत जिले के कुल सात अस्पतालों और अन्य क्षेत्रों में आग से सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बिजली शॉर्ट सर्किट, गैस सिलेंडर आदि से लगने वाली आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
साथ ही अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आवश्यक सावधानियों तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रकार की अग्निकांड स्थितियों में सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।
कार्यक्रम में अस्पतालों के महिला एवं पुरुष कर्मियों, चिकित्सकों और सुरक्षा गार्डों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन की अपील की गई। अग्निशमन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तुरंत 101 या 112 नंबर पर संपर्क करें।