पारिवारिक विवाद में महिला व बच्चों पर जानलेवा हमला, संपत्ति हड़पने का आरोप
- Post By Admin on Mar 28 2025

लखीसराय : जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के कटेहर गांव में पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला और उसके बच्चों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पीड़िता ममता कुमारी, पत्नी उत्तम कुमार, गंभीर रूप से घायल अवस्था में सूर्यगढ़ा थाना पहुंचीं और आरोप लगाया कि उनके ही रिश्तेदारों ने उनके पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा।
हमले में पूरा परिवार हुआ घायल
ममता देवी ने बताया कि उनके पति उत्तम कुमार, जो पहले सीआरपीएफ में कार्यरत थे, समय से पहले रिटायर होने के बाद शराब के आदी हो गए। इसी का फायदा उठाकर रिश्तेदारों ने उनकी संपत्ति हड़पने की साजिश रची और योजनाबद्ध तरीके से उन पर हमला कर दिया।
हमले में उनकी बेटी पिंकी कुमारी की आंख पर गंभीर चोट आई, 20 वर्षीय नेहा कुमारी को लाठी-डंडों से पीटा गया, बेटे गौतम कुमार को चाकू मारा गया, जबकि 16 वर्षीय गुलशन कुमार के सिर पर लाठी से वार किया गया, जिससे उसे टांके लगाने पड़े।
रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप
ममता देवी ने आरोप लगाया कि अशोक यादव, पंकज यादव, कुंदन कुमार, अभिषेक कुमार, प्रभा देवी, वीणा देवी, रीना कुमारी, चंद्रकला देवी, इंद्रदेव यादव, रंजीत कुमार और गौतमी रीना देवी ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने अपने पति पर भी इन लोगों के साथ मिलकर मारपीट करने का आरोप लगाया।
पुलिस से की न्याय की मांग
घटना के बाद ममता देवी ने थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़िता को कब तक न्याय मिलता है।