लंगट सिंह महाविद्यालय में एनसीसी-एनएसएस की भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे
- Post By Admin on Aug 13 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय में गुरुवार को प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया के नेतृत्व में एनसीसी की 32 बिहार बटालियन और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और एनसीसी का ध्वज लिए कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति का प्रदर्शन किया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत महाविद्यालय परिसर स्थित बाबू लंगट सिंह की प्रतिमा से हुई। यात्रा छाता चौक होते हुए पुनः प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में कैडेट्स ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् जैसे देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय की आत्मा की धड़कन और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और सपनों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की विशेष जिम्मेदारी है कि वे युवा पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करें। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रेरित करने के साथ-साथ समाज को एकजुटता और नागरिक दायित्व का संदेश भी देते हैं। उन्होंने इसे एक निरंतर नैतिक और नागरिक कर्तव्य बताते हुए सभी से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शशिकांत पाण्डेय, प्रो. एस.आर. चतुर्वेदी, प्रो. पुष्पा कुमारी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. संध्या कुमारी, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. दिलीप यादव और डॉ. प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से मनाना तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।