लखीसराय के डॉ. विजय विनीत को देवघर में काव्य किरण सम्मान से किया गया सम्मानित
- Post By Admin on Mar 25 2025

लखीसराय : जिले के सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के प्रख्यात साहित्यकार और शिक्षाविद् डॉ. विजय विनीत को देवघर में आयोजित अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन में 'काव्य किरण सम्मान' से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम देवघर स्थित राज होटल सभागार में भव्य रूप से आयोजित हुआ।
मुख्य अतिथि एम्स देवघर के डायरेक्टर और सीईओ प्रो. डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने डॉ. विनीत को स्मृति चिह्न और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर काव्य किरण मंच की संयोजिका सुश्री शोभा किरण ने भी उन्हें 'काव्य किरण सम्मान' प्रदान किया।
आयोजक रोहित अम्वष्ट ने डॉ. विनीत की रचना शैली की सराहना करते हुए कहा, "डॉ. विनीत की कविताओं में गहरी दृष्टि, संवेदनशीलता और सशक्त अभिव्यक्ति है। उनकी कविताएं सोच में मौलिक और भाव में समृद्ध हैं।"
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर डॉ. संजय कुमार (एचओडी, एनेस्थीसिया एंड क्रिटिकल केयर, एम्स देवघर), चर्चित कवयित्री निर्मला पुतुल, जतिन कुमार, जया लक्ष्मी, सोनम झा, रूपम महतो, पवन मिश्रा, दिनेश कुमार राय, अजय प्रसाद, विवेक मंडल समेत हिंदी कविता जगत के दो दर्जन से अधिक नवोदित और स्थापित कवि-कलमकार उपस्थित रहे। कविता पाठ के दौरान श्रोता देर तक मंत्रमुग्ध होकर कविताओं का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम में कविता और साहित्य की खुशबू देर रात तक महकती रही।