बड़े अच्छे लगते हैं, फिर से हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी की केमिस्ट्री ने जीता दर्शक का दिल

  • Post By Admin on Mar 25 2025
बड़े अच्छे लगते हैं, फिर से हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी की केमिस्ट्री ने जीता दर्शक का दिल

मुंबई : छोटे पर्दे की क्वीन एकता कपूर एक बार फिर अपने नए शो को लेकर सुर्खियों में हैं। 'नागिन 7' के बाद अब एकता कपूर का नया शो 'बड़े अच्छे लगते हैं फिर से' चर्चा में आ गया है। इस शो में टीवी के दो पॉपुलर चेहरे हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी मुख्य किरदार में नजर आने वाले हैं। हाल ही में इस शो का प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

प्रोमो में हर्षद और शिवांगी की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। दोनों एक-दूसरे के साथ शॉपिंग करते नजर आते हैं। हर्षद, शिवांगी के लिए एक ड्रेस सिलेक्ट करते हैं और फिर शिवांगी उसे मिरर में पहनकर देखती हैं। दोनों की आंखों में एक अलग ही चमक दिखाई देती है, वहीं उनकी शर्माई मुस्कान फैंस का दिल जीत रही है।

शिवांगी का लुक इस बार बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। उन्होंने कुर्ता पहन रखा है, बालों में हाई पोनी और माथे पर सिंदूर के साथ मंगलसूत्र भी फ्लॉन्ट करती दिख रही हैं। शिवांगी का यह लुक यह साफ संकेत दे रहा है कि शो में वह हर्षद की पत्नी का किरदार निभा रही हैं। वहीं हर्षद का कूल अंदाज और चार्मिंग पर्सनालिटी उन्हें बेहद हैंडसम बना रही है।

शिवांगी जोशी के एक्सप्रेशन्स और हर्षद चोपड़ा की स्माइल दोनों ही फैन्स को खूब पसंद आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस जोड़ी की तारीफ करते नहीं थक रहे। दर्शक अब बेसब्री से इस नई कहानी और नई केमिस्ट्री को देखने के लिए इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि 'बड़े अच्छे लगते हैं फिर से' एक इमोशनल लव स्टोरी होगी, जिसमें पति-पत्नी के रिश्तों की खूबसूरत दास्तान दिखाई जाएगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि एकता कपूर का ये नया शो दर्शकों के दिलों में कितनी जल्दी जगह बना पाता है।