प्रशांत किशोर ने उठाई मांग, बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह को दिया जाए भारत रत्न

  • Post By Admin on Mar 25 2025
प्रशांत किशोर ने उठाई मांग, बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह को दिया जाए भारत रत्न

शेखपुरा: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को शेखपुरा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ‘बिहार केसरी’ श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जब श्री बाबू मुख्यमंत्री थे, तब बिहार देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता था। लेकिन आज बिहार विकास के हर पैमाने पर सबसे पीछे पहुंच चुका है।

प्रशांत किशोर ने कहा, "जन सुराज का मकसद है बिहार को फिर से उस स्थिति में लाना, जहां श्री बाबू ने छोड़ा था। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न मिलना ही चाहिए। वह हमारे लिए भारत रत्न से ऊपर हैं।" उन्होंने कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल अपने-अपने नेताओं और चहेतों को ही भारत रत्न देते हैं। कांग्रेस ने कई महापुरुषों को दरकिनार कर अपने नेताओं को सम्मानित किया और आज बीजेपी भी वही कर रही है।

नीतीश कुमार की सेहत पर फिर बरसे PK, बोले- अगर वे स्वस्थ हैं तो सरकार मेडिकल बुलेटिन क्यों नहीं जारी करती

प्रशांत किशोर ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "जब बीपीएससी आंदोलन चल रहा था, तब पता चला कि नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। वह अब विषयों को समझ नहीं पा रहे और यह भी नहीं जानते कि बिहार में क्या हो रहा है।"

पीके ने दावा किया कि नीतीश कुमार अब इतने कमजोर हो चुके हैं कि बिना कागज देखे अपने मंत्रियों और उनके विभागों का नाम भी नहीं बता सकते। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा, "अगर नीतीश कुमार पूरी तरह स्वस्थ हैं तो सरकार उनका मेडिकल बुलेटिन क्यों नहीं जारी करती?"

जन सुराज मेरा नहीं, बिहार के करोड़ों बदलाव चाहने वालों का आंदोलन: प्रशांत किशोर

नेतृत्व के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा, "मैं जन सुराज का नेता नहीं हूं, सिर्फ सूत्रधार हूं। यह दल बिहार के करोड़ों उन लोगों का है जो बदलाव और तरक्की चाहते हैं। जन सुराज आजादी से पहले वाली महात्मा गांधी की कांग्रेस जैसा आंदोलन है, जो बिहार को उसका खोया गौरव वापस दिलाएगा।" शेखपुरा और लखीसराय दौरे के दौरान पीके ने साफ कर दिया कि उनकी लड़ाई बिहार की बदहाली के खिलाफ है और अब यह लड़ाई निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है।