अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक कुंभ में मुजफ्फरपुर के डॉ. विजय कुमार पाठक ‘प्रसून’ का बढ़ा मान
- Post By Admin on Aug 31 2026
मुजफ्फरपुर: मुरौल प्रखंड के रैनी गांव निवासी वरिष्ठ साहित्यकार एवं चिकित्सक डॉ. विजय कुमार पाठक ‘प्रसून’ ने अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक मंच पर मुजफ्फरपुर का नाम रोशन किया है। हरिद्वार में दिव्य गंगा सेवा मिशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं साहित्यिक कुंभ में उन्हें साहित्य और सामाजिक सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. विजय कुमार पाठक को उनकी गरिमामय उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता के लिए ‘दिव्य गंगा सेवी सम्मान 2026’ से नवाजा गया। इसी आयोजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर के समाचार पत्र प्रकाशन समूह ‘दि ग्राम टुडे’ की ओर से उन्हें ‘टीजीटी साहित्य भूषण सम्मान’ से भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में डॉ. पाठक को एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। दिव्य गंगा सेवा मिशन ने उनके सेवा भाव और सक्रिय योगदान को देखते हुए उन्हें बिहार प्रदेश का अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस जिम्मेदारी के साथ अब वे बिहार में मिशन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाएंगे।सम्मान और नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. विजय कुमार पाठक ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के गरिमामय आयोजन में सहभागिता और सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान ने साहित्य साधना और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ा दिया है।
बिहार प्रदेश अध्यक्ष के मनोनयन पर डॉ. पाठक ने दिव्य गंगा सेवा मिशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश उपाध्याय के प्रति विशेष आभार जताया। उन्होंने बताया कि उनके मनोनयन का प्रस्ताव ज्ञानप्रकाश उपाध्याय ने रखा था, जिसे बाद में स्वीकृति प्रदान की गई। डॉ. विजय कुमार पाठक ने सम्मान और नई जिम्मेदारी के लिए मिशन के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय, राष्ट्रीय संयोजक पंडित केशव पाण्डेय एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित महेश दुबे के प्रति भी आभार व्यक्त किया। डॉ. विजय कुमार पाठक की इस उपलब्धि से मुजफ्फरपुर सहित पूरे बिहार के साहित्यिक और सामाजिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है। साहित्यकारों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें सम्मान और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
• कुमार संदीप की रिपोर्ट