बिना हेलमेट वाहन चलाना पड़ा भारी, 26 वाहनों से वसूला 48,500 रुपए जुर्माना
- Post By Admin on Aug 31 2026
लखीसराय : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में सोमवार को विशेष हेलमेट जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान जमुई मोड़ से बायपास रोड मोड़ तक संचालित किया गया।
अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), मोटरयान निरीक्षक (MVI) और परिवहन विभाग की टीम ने जमुई मोड़ पर वाहनों की सघन जांच की। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हेलमेट के नियमित इस्तेमाल और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। वाहनों के आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।
जांच अभियान के दौरान कुल 26 वाहनों के चालान काटे गए और 48,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया।