बिल्लो ग्राम में जिला पदाधिकारी ने कराया धान फसल कटनी प्रयोग

  • Post By Admin on Dec 11 2024
बिल्लो ग्राम में जिला पदाधिकारी ने कराया धान फसल कटनी प्रयोग

लखीसराय : जिले के रामगढ़ चौक प्रखंड स्थित बिल्लो पंचायत के बिल्लो ग्राम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के नेतृत्व में धान का फसल कटनी प्रयोग कराया गया। इस प्रयोग के माध्यम से धान की उत्पादकता का आकलन किया गया।

रामगढ़ चौक प्रखंड के बिल्लो पंचायत स्थित बिल्लो ग्राम में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की उपस्थिति में किसान रणजीत यादव के खेत पर धान का फसल कटनी प्रयोग किया गया। MTU 7029 प्रभेद के धान का 10×5 मीटर क्षेत्र में वजन 37.580 किलोग्राम पाया गया, जिससे उत्पादकता 75.160 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। 10% सूखा अनुमानित करने के बाद यह उत्पादकता 67.64 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रही।

इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बिल्लो पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार और बिल्लो ग्राम के कई किसान उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी ने फसल कटनी प्रयोग के बाद किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि धान की उच्च उत्पादकता से यह क्षेत्र कृषि के क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं दिखा रहा है। उन्होंने किसानों को उन्नत तकनीकों और बेहतर कृषि विधियों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।