नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई थीं लेकिन अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।

केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह का गठबंधन नहीं होगा।” उनके इस बयान के बाद कांग्रेस-आप गठबंधन की चर्चा पूरी तरह समाप्त हो गई है।

चर्चाओं के मुताबिक पहले कहा जा रहा था कि दोनों पार्टियां एक समझौते पर पहुंचने वाली हैं। जिसमें कांग्रेस को 15 सीटें मिलेंगी और बाकी सीटें आम आदमी पार्टी के खाते में जाएंगी। इसके अलावा अन्य छोटे गठबंधन सदस्य भी कुछ सीटों पर चुनाव लड़ सकते थे। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि इंडिया गठबंधन के नेताओं की एक बैठक में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर चर्चा की गई थी।

सूत्रों के अनुसार इस संबंध में दिल्ली में एनसीपी नेता शरद पवार के घर पर इंडिया गठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। जिसमें आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने भाग लिया था। इस बैठक में संभावित गठबंधन पर चर्चा की गई थी लेकिन अब केजरीवाल के बयान के बाद इन अटकलों को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।

अरविंद केजरीवाल ने पहले भी साफ किया था कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ किसी भी गठबंधन की इच्छुक नहीं है। उनका कहना था कि आप अपने सिद्धांतों और संघर्षों के साथ चुनाव में उतरेगी, और किसी भी दल से गठबंधन करने के बजाय अकेले ही चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया गया है।

कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने भी गठबंधन की चर्चाओं को लेकर कई बार बयान दिए थे। हालांकि, अब तक कांग्रेस की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का आना बाकी है लेकिन सूत्रों के मुताबिक पार्टी में भी अब आप के साथ गठबंधन की संभावना पर विराम लग गया है।

इस प्रकार दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अब आम आदमी पार्टी का परिणाम स्पष्ट हो चुका है। आप अकेले चुनावी मैदान में उतरेगी। जबकि कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के साथ गठबंधन का सवाल अब खत्म हो चुका है।